दर्दनाक हादसा : ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत, पढ़ें पूरी ख़बर
भरतपुर (राजस्थान): दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर स्थित बयाना जंक्शन के समीप गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सालाबाद स्टेशन के पास गोवा एक्सप्रेस से गिरकर एक 42 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्यवाही पूरी कर ली है।
दरवाजे पर खड़े होने के दौरान बिगड़ा संतुलन
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के सिंघी रामपुर निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। नरेंद्र गोवा एक्सप्रेस से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय वे ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का इंतजार
पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उनके परिवार को सूचित कर दिया है। फिलहाल शव को बयाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम और अगली कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →