दिल्ली को मिलेगी देश की पहली 'रिंग मेट्रो': 8 मार्च को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आगामी 8 मार्च को दिल्लीवासियों को परिवहन का एक शानदार तोहफा मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिससे दिल्ली को देश की पहली 'रिंग मेट्रो' की सौगात मिलेगी। इसके साथ ही, 18,300 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन अन्य नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया जाएगा।
रिंग मेट्रो और मैजेंटा लाइन का विस्तार:
-
पिंक लाइन (मजलिस पार्क-मौजपुर): 12.3 किमी लंबा यह सेक्शन पिंक लाइन को पूरा करेगा, जिससे दिल्ली मेट्रो का 71.56 किमी का एक विशाल घेरा (रिंग) तैयार हो जाएगा। इससे बुराड़ी, खजूरी खास और भजनपुरा जैसे इलाके सीधे मेट्रो मैप पर आ जाएंगे।
-
मैजेंटा लाइन (दीपाली चौक-मजलिस पार्क): 9.92 किमी लंबे इस हिस्से के शुरू होने से पीतमपुरा, भलस्वा और प्रशांत विहार के लोगों के लिए सफर आसान हो जाएगा। इंजीनियरिंग के नजरिए से यह बेहद खास है क्योंकि इसका एक हिस्सा जमीन से करीब 28.36 मीटर की ऊंचाई पर है।
फेज-5 (A) के तहत तीन नए रूट
प्रधानमंत्री तीन नए कॉरिडोर की नींव भी रखेंगे, जिनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर), एरोसिटी से टर्मिनल-1 (गोल्डन लाइन विस्तार) और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स से नोएडा और फरीदाबाद के यात्रियों को सीधे एयरपोर्ट पहुंचने में बड़ी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इन परियोजनाओं से न केवल ट्रैफिक कम होगा, बल्कि दिल्ली की आबोहवा में भी सुधार आएगा।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →