पंजाब में भाजपा का चुनावी शंखनाद: मोगा की 'बदलाव रैली' में आज हुंकार भरेंगे अमित शाह
मोगा, 14 March 2026 : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी आज मोगा के गांव किल्ली चहलां में एक विशाल 'बदलाव रैली' का आयोजन कर रही है। इस रैली के जरिए देश के गृहमंत्री अमित शाह पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे।
मोगा का 'लकी' मैदान और भव्य इंतजाम:
राजनीतिक गलियारों में किल्ली चहलां को चुनाव की शुरुआत के लिए बेहद शुभ माना जाता है, यही कारण है कि भाजपा ने अपनी हुंकार भरने के लिए इसी स्थान को चुना है। रैली के लिए 115 एकड़ में भव्य पंडाल सजाया गया है, जिसमें से 85 एकड़ में केवल बैठने की व्यवस्था की गई है। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि इस जनसभा में एक लाख से अधिक लोग जुटेंगे।
शाह का 'मिशन 2027
गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 12 से 1 बजे के बीच रैली स्थल पहुंचेंगे। वह करीब एक घंटे तक कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और उन्हें जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने व 2027 में भाजपा सरकार बनाने का 'विजय मंत्र' देंगे। प्रत्येक हलका इंचार्ज को 1000 से 2000 कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य दिया गया है।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
अमित शाह के दौरे को देखते हुए मोगा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। रैली स्थल पर 1000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →