बिलासपुर-लेह रेललाइन की खास बातें; ऐसे बदलेगी हिमाचल और लद्दाख की कनेक्टिविटी, इन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन, करीब 489 किलोमीटर लंबी रेललाइन पर खर्च होंगे 1.31 लाख करोड़ रुपए
शशिभूषण पुरोहित
बिलासपुर : 25 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश से लद्दाख तक रेल कनेक्टिविटी का सपना अब बड़ी परियोजना का रूप ले चुका है। प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन हिमालय के दुर्गम इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। करीब 489 किलोमीटर लंबी इस रेललाइन की अनुमानित लागत करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये है।
मंडी से मनाली और केलांग होते हुए लेह पहुंचेगी रेल
प्रस्तावित रेलमार्ग बिलासपुर के बेरी से शुरू होकर सुंदरनगर, मंडी, मनाली, सिस्सू, दारचा और केलांग होते हुए लद्दाख की ओर जाएगा। इसके बाद रेललाइन सरचू, पांग, रुमत्से, उप्शी और खारू से होते हुए लेह तक पहुंचेगी।
दुनिया के सबसे ऊंचे रेल स्टेशनों में शामिल होगा स्टेशन
इस रेल परियोजना की सबसे खास बात इसकी ऊंचाई है। प्रस्तावित मार्ग में टैगलग ला क्षेत्र में करीब 5,367 मीटर की ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। इसके चलते यह दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशनों में शामिल हो सकता है।
करीब 270 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से
हिमालय के बेहद कठिन भौगोलिक क्षेत्र से गुजरने वाली इस रेललाइन में बड़ी संख्या में सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना में करीब 270 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरने की बात सामने आई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि परियोजना इंजीनियरिंग की दृष्टि से कितनी चुनौतीपूर्ण होगी।
चीन सीमा के करीब इलाकों तक पहुंच होगी आसान
बिलासपुर-लेह रेललाइन को सिर्फ यात्री और पर्यटन परियोजना के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसका रणनीतिक महत्व भी बेहद अधिक है। रेल संपर्क बनने से लद्दाख और सीमावर्ती क्षेत्रों तक सेना, उपकरण और आवश्यक सामग्री की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
पर्यटन को भी मिलेगा बड़ा बढ़ावा
रेललाइन बनने के बाद हिमाचल के मंडी, मनाली और लाहौल के साथ-साथ लद्दाख के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो सकती है। फिलहाल इन इलाकों की कनेक्टिविटी काफी हद तक सड़क मार्ग पर निर्भर है। रेल संपर्क से पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यानी बिलासपुर-लेह रेललाइन सिर्फ एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि हिमाचल से लद्दाख तक कनेक्टिविटी, पर्यटन और सामरिक दृष्टि से बड़ा बदलाव लाने वाली परियोजना साबित हो सकती है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →