Himachal: Pandoh Dam : पंडोह बाजार को बाइपास करेंगी दो सुरंगें, टनल से होकर ब्यास में जाएगा डैम का पानी, डीपीआर तैयार
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी : 25 अगस्त 2026 : पंडोह डैम से निकलते पानी से बाजार को बचाने की कवायद में बीबीएमबी दो सुरंगों का निर्माण करेगा। इन सुरंगों के सहारे पंडोह डैम का पानी ब्यास नदी में 1200 मीटर दूर मिलाया जाएगा। इन सुरंगों को बनाने की डीपीआर फिलहाल तैयार है और इसको मंजूरी के लिए बीबीएमबी प्रबंधन को भेजा जाएगा।
इन सुरंगों के बनने के बाद डैम से पानी सीधे स्पिलवे से न छोड़ते हुए दो अतिरिक्त टनलों के माध्यम से ब्यास नदी में छोड़ा जाएगा। बीबीएमबी ने टनलों का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इन टनलों का निर्माण पंडोह डैम के रिजर्वॉयर से किया जाएगा और यह पंडोह बाजार को बाइपास करते हुए उसके आगे पानी को निकालेंगी। इनकी लंबाई 1200 मीटर होगी। टनलों के बनने से बाजार को भारी राहत मिलेगी।
बरसात में पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने पर पंडोह बाजार को खतरा उत्पन्न होता है, जबकि टनलों के बन जाने से यह पानी बाजार को बाइपास करता हुआ नदी में छोड़ा जाएगा। बीबीएमबी पंडोह के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणि शर्मा ने बताया कि सीडब्ल्यूसी ने डैम के डिजाइन फ्लड की समीक्षा की है। फ्लैश फ्लड की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे पंडोह डैम के जलस्तर में इजाफा हो रहा है। चुनौतियों को भांपते हुए 1200 मीटर लंबी दो टनलों के निर्माण का निर्णय लिया गया है।
पंडोह में है डायवर्जन डैम
पंडोह डैम एक डायवर्जन डैम है। यहां से पानी बग्गी टनल होते हुए सुंदरनगर और सलापड़ भेजा जाता है। सलापड में विद्युत उत्पादन होता है। शेष पानी को डैम के स्पिलवे के माध्यम से ब्यास में छोड़ा जाता है। आपात स्थिति में यहीं से पानी छोड़ा जाता है, भविष्य में इसे टनलों के माध्यम से आगे छोड़ा जाएगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →