HPBOSE: हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने चार गुना बढ़ाया पंजीकरण शुल्क; लेट फीस भी बढ़ी, अब इतने रुपये चुकाने होंगे
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला : 24 अगस्त 2026 : परीक्षा विनियम-1994 के अध्याय 18 के नियम 18.1 में संशोधन करते हुए फीस बढ़ाई गई है। बोर्ड के इस फैसले से प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। बोर्ड ने पंजीकरण शुल्क चार गुना बढ़ा दिया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पंजीकरण शुल्क चार गुना बढ़ा दिया है। अब विद्यार्थियों को 9वीं और 11वीं कक्षा में अपना पंजीकरण करवाने के लिए 50 रुपये के बजाय 200 रुपये शुल्क जमा करवाना होगा। इसके अलावा लेट फीस में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। लेट फीस 100 से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है। शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। संशोधित नियम के तहत नौवीं कक्षा से होने वाला पंजीकरण मैट्रिक परीक्षा पूरी करने या पास करने तक वैध रहेगा।
11वीं कक्षा का पंजीकरण 12वीं कक्षा की परीक्षा पूरी करने या पास करने तक मान्य रहेगा।
नए नियम के अनुसार विद्यार्थियों को 15 अक्तूबर तक 200 रुपये पंजीकरण शुल्क के रूप में जमा करने होंगे। इसके बाद 15 नवंबर तक पंजीकरण करवाने पर 500 रुपये लेट फीस देनी होगी। 15 नवंबर के बाद बोर्ड अध्यक्ष की पूर्व अनुमति के बिना पंजीकरण आवेदन या फीस स्वीकार नहीं की जाएगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →