लुधियाना में हैवानियत! 8 साल के मासूम से 'कुकर्म'; दो नाबालिगों ने दीं धमकियां
लुधियाना (गौतम): महानगर के हैबोवाल इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दो नाबालिग लड़कों ने एक 8 साल के मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी पिछले काफी समय से बच्चे को डरा-धमाकर उसके साथ कुकर्म कर रहे थे। इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब मासूम की तबीयत बिगड़ी और उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई।
पार्क और खाली प्लॉटों में ले जाकर करते थे गंदा काम
पीड़ित बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और वह मेहनत-मजदूरी कर अपने दो बच्चों का पेट पालती है। उसका छोटा बेटा एलकेजी (LKG) क्लास में पढ़ता है। चार दिन पहले बच्चे ने गुप्तांग में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। वहां बच्चे ने रोते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाले दो लड़के उसे डराकर पार्क और खाली प्लॉटों में ले जाते थे और उसके साथ गलत काम करते थे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।
पुलिस की सुस्ती के बाद जागा प्रशासन
परिजनों का आरोप है कि पुलिस शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी और कार्रवाई में ढील बरत रही थी। जब परिवार ने दबाव बनाया, तब जाकर थाना हैबोवाल की पुलिस ने सक्रियता दिखाई। इंस्पेक्टर कृष्ण लाल ने बताया कि बच्चे का मेडिकल करवा लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस का कहना है कि मासूम के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →