बच्चों से किया वादा निभाया, स्कूलों को मिले ₹4 करोड़
भटवाड़ी-काशापाट की 9 घोषणाओं के लिए ₹15.75 करोड़ जारी, सड़क-पुल और सुरक्षा कार्यों को भी मिलेगी रफ्तार
शिमला, 8 अक्तूबर 2026 : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए वायदों को अमलीजामा पहनाते हुए शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 15.75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इनमें स्कूल भवनों के निर्माण के लिए ही चार करोड़ रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से रखी गई मांगों और की गई घोषणाओं के अनुरूप योजना विभाग ने संबंधित विकास कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृतियां जारी की हैं। इससे सड़क, पुल, फुटब्रिज, क्रैश बैरियर और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
छात्रा ने मांगे थे दो करोड़, अब स्कूल भवन को मिली मंजूरी
रामपुर में विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के नए भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने बच्चों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की थी। अब योजना विभाग ने इसके लिए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी कर दी है।
इसी तरह काशापाट स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए भी दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे दोनों स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
पुल और फुटब्रिज के लिए भी करोड़ों की मंजूरी
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र में स्थानीय लोगों की मांग पर सुंदरु खड्ड पर पुल निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा बरशील पुल के लिए एक करोड़ रुपये तथा शिशारा में फुटब्रिज निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।
रोहड़ू में अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये भी जारी किए गए हैं। योजना विभाग की ओर से इसकी स्वीकृति का पत्र लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है।
सड़कों पर क्रैश बैरियर के लिए चार करोड़
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट में धनदोल से काशापाट तक क्रैश बैरियर लगाने के लिए दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, जबल से खाबल सड़क के सुधार और क्रैश बैरियर लगाने के लिए भी दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन कार्यों से पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
'सरकार गांव के द्वार' में घोषणाओं पर तेजी से अमल
‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम को सरकार जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के मंच के तौर पर आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री सीधे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी मांगें सुन रहे हैं। इसके बाद संबंधित विभागों के माध्यम से घोषणाओं के लिए वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जा रही हैं।
सरकार का कहना है कि जनता से किए गए वायदों को केवल घोषणा तक सीमित न रखकर उन्हें धरातल पर उतारने पर जोर दिया जा रहा है। भटवाड़ी और काशापाट में 15.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति को इसी कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →