हिमाचल सरकार ने चार साल में खरीदीं 577 बसें, अब 1000 ई-बसें खरीदने की तैयारी; जानें पूरा प्लान
अब आगामी वर्ष में एक हजार इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी, सबसे अधिक 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर खर्च किए 372 करोड़ रुपये
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 23 नवंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने और एचआरटीसी के बेड़े को मजबूत करने के लिए सरकार ने पिछले चार वर्षों में 577 नई बसें खरीदी हैं। अब प्रदेश में एक हजार और इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी है। सरकार का फोकस धीरे-धीरे डीजल बसों की जगह इलेक्ट्रिक बसों को शामिल कर परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर है।
वर्ष 2023 से 31 अक्तूबर 2026 तक खरीदी गई 577 बसों में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं, जिनकी खरीद पर 372.04 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 210 साधारण बसें, 35 इलेक्ट्रिक बसें और 11 वॉल्वो बसें खरीदी गईं। 210 साधारण बसों की खरीद पर सरकार द्वारा 64.28 करोड़, वहीं 35 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर 32.41 करोड़ खर्च हुए हैं वहीं 11 वॉल्वो बसों के लिए 14.12 करोड़ रुपये खर्च हुए।
सरकार द्वारा वहीं वर्ष 2024 में नई बसों की काई खरीद नहीं हुई, जबकि वर्ष 2025 में 36.48 करोड़ रुपये खर्च कर 24 वॉल्वो बसें खरीदी गईं।
इसके बाद वर्ष 2026 में 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर 372.04 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वर्तमान में एचआरटीसी के बेड़े में कुल 3071 बसें शामिल हैं। इनमें 2497 साधारण, 50 हिमधारा वातानुकूल, 30 डीलक्स, 87 सुपर डीलक्स एवं वॉल्वो और 407 इलेक्ट्रिक बसें हैं।
हालांकि, कुल बेड़े में से 2521 बसें ही सडक़ों पर संचालित हैं। 182 बसें मरम्मताधीन हैं, जबकि 366 बसें अनुपयोगी अथवा कंडम घोषित करने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में नई बसों की खरीद से निगम की परिवहन क्षमता बढ़ाने और पुराने वाहनों को हटाने में मदद मिलने की उम्मीद है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →