हवाई सफर हुआ महंगा! Indigo ने बढ़ाया 'ईंधन शुल्क'; आज रात से ढीली होगी जेब
नई दिल्ली: अगर आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपको झटका दे सकती है। देश की दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगने वाले 'फ्यूल सरचार्ज' (ईंधन शुल्क) में भारी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई दरें आज रात 00:01 बजे से लागू हो जाएंगी, जिससे टिकटों की कीमतों में 275 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का उछाल देखने को मिलेगा।
क्यों बढ़े दाम?
एयरलाइन के मुताबिक, पश्चिम एशिया (Middle East) में जारी संकट के कारण विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। सरकार द्वारा घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन की कीमतों में 25 प्रतिशत की आंशिक वृद्धि के फैसले के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है। इंडिगो का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय रूटों पर ईंधन के दाम पिछले एक महीने में दोगुने से भी ज्यादा हो गए हैं, जिससे परिचालन लागत (Operating Cost) पर बुरा असर पड़ा है।
कितना लगेगा अतिरिक्त चार्ज?
1. घरेलू उड़ानें: यात्रा की दूरी के आधार पर अब यात्रियों को 275 रुपये से 950 रुपये तक का अतिरिक्त ईंधन शुल्क देना होगा।
2. अंतरराष्ट्रीय उड़ानें: विदेशों की यात्रा के लिए यह शुल्क दूरी के हिसाब से 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक वसूला जाएगा।
ग्राहकों पर 'छोटा' बोझ डालने की कोशिश
इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों की पूरी भरपाई के लिए किराए में और भी बड़ी बढ़ोतरी की जरूरत थी, लेकिन ग्राहकों की जेब का ख्याल रखते हुए कंपनी ने इसका केवल एक छोटा हिस्सा ही यात्रियों पर डाला है। एयरलाइन ने इस असुविधा के लिए खेद भी जताया है। साथ ही, समय पर हस्तक्षेप के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया, क्योंकि इसके बिना घरेलू हवाई यात्रा का ढांचा बुरी तरह चरमरा सकता था।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →