Himachal Entry Tax : सीएम के ऐलान के बावजूद पांवटा साहिब में 6 चक्का ट्रकों से वसूला जा रहा अधिक टोल, 320 की जगह 570 रुपये की पर्ची
विधानसभा में सीएम सुक्खू ने 320 रुपये टोल तय होने की कही थी बात, ट्रक यूनियनों में नाराज़गी
बाबूशाही ब्यूरो
नालागढ़, 01 अप्रैल 2026 :
हिमाचल प्रदेश में 6 चक्का ट्रकों के टोल टैक्स को लेकर भ्रम और नाराज़गी की स्थिति सामने आ रही है। 31 मार्च को विधानसभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की थी कि 6 चक्का ट्रकों से टोल टैक्स 320 रुपये ही लिया जाएगा। इस संबंध में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी अपने फेसबुक पेज के माध्यम से प्रदेश की ट्रक यूनियनों को इसकी जानकारी दी थी।
हालांकि, जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ और ही नजर आ रही है। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित बहराल बैरियर पर अभी भी 6 चक्का ट्रकों से 570 रुपये टोल टैक्स वसूला जा रहा है। ट्रक चालकों को इसी राशि की पर्चियां काटी जा रही हैं, जिससे ट्रांसपोर्टरों और ट्रक यूनियनों में असंतोष बढ़ रहा है।
ट्रक चालकों का कहना है कि जब सरकार की ओर से टोल टैक्स 320 रुपये तय करने की घोषणा की जा चुकी है, तो बैरियर पर इससे अधिक राशि क्यों वसूली जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट आदेश जारी करने और तुरंत स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर अब परिवहन से जुड़े लोगों की निगाहें सरकार और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं, ताकि ट्रक चालकों को राहत मिल सके और टोल वसूली को लेकर बनी असमंजस की स्थिति खत्म हो। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →