हिमाचल में लॉटरी से कमाई का सपना रह गया धरा, कंपनियों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
27 साल बाद लॉटरी बहाल करने की सरकार की कोशिश को दूसरा झटका, 10 करोड़ रुपये सालाना लाइसेंस फीस और 30 करोड़ की बैंक गारंटी बनी बड़ी बाधा; अब शर्तें बदलकर तीसरी बार टेंडर की तैयारी
Babushahi Bureau
शिमला : 24 November 2026 : हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में लॉटरी शुरू कर अतिरिक्त राजस्व जुटाने की तैयारी में है, लेकिन इस योजना को जमीन पर उतारने से पहले ही सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। करीब 27 साल बाद प्रदेश में लॉटरी व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की जा रही है, मगर सरकार की शर्तें ऐसी हैं कि लॉटरी संचालन के लिए निजी कंपनियां आगे आने को तैयार नहीं हैं। दो बार निविदा प्रक्रिया अपनाने के बावजूद सरकार को अपेक्षित बोलीदाता नहीं मिल पाए हैं।
अब स्थिति यह है कि सरकार को लॉटरी शुरू करने के अपने मॉडल पर ही दोबारा विचार करना पड़ सकता है। कंपनियों की बेरुखी ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकार की ओर से तय वित्तीय शर्तें व्यावहारिक हैं या फिर राजस्व बढ़ाने की कोशिश में लाइसेंस फीस और अन्य देनदारियां इतनी अधिक रख दी गई हैं कि निजी कंपनियों के लिए कारोबार करना मुश्किल हो रहा है।
दो बार टेंडर, लेकिन सरकार को नहीं मिला संचालन का साझेदार
प्रदेश सरकार ने लॉटरी संचालन के लिए सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 को शुरू की थी। इसके तहत ऑनलाइन और कागजी लॉटरी दोनों के संचालन के लिए कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। पहली बार 14 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन कंपनियों की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर इसे 28 सितंबर तक बढ़ाना पड़ा। इसके बावजूद सरकार को संतोषजनक परिणाम नहीं मिले। इसके बाद निविदा की शर्तों और लॉटरी के प्रारूप में बदलाव किया गया। सरकार ने ऑनलाइन लॉटरी के बजाय कागजी यानी ऑफलाइन लॉटरी पर अधिक ध्यान केंद्रित किया और संशोधित टेंडर जारी किया। दूसरी निविदा के लिए 20 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे और 21 नवंबर को बोलियां खोली जानी थीं। लेकिन इस बार भी कंपनियों ने निर्धारित शर्तों के तहत खास रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में अब तीसरी बार निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
30 करोड़ की बैंक गारंटी और 10 करोड़ की फीस बना सकती है मुश्किल
लॉटरी संचालन के लिए सरकार ने कंपनियों के सामने जो वित्तीय शर्तें रखी थीं, वे इस पूरी प्रक्रिया में सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी हैं। पहली निविदा में कंपनियों के लिए न्यूनतम 50 करोड़ रुपये की नेटवर्थ अनिवार्य रखी गई थी। इसके अलावा 30 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी, दो करोड़ रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) और 5.90 लाख रुपये निविदा शुल्क निर्धारित किया गया था। इतना ही नहीं, संबंधित कंपनी के पास दूसरे राज्यों में लॉटरी संचालन का कम से कम दो साल का अनुभव होना भी जरूरी था।सरकार ने चयनित एजेंसी के लिए सालाना न्यूनतम 10 करोड़ रुपये लाइसेंस फीस तय की थी। इसमें हर साल पांच प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान रखा गया। इसके अतिरिक्त कंपनी को अपने कुल कारोबार का दो प्रतिशत अथवा छह करोड़ रुपये, दोनों में से जो अधिक होगा, वह राशि सरकार को देनी होगी। इन शर्तों के चलते कंपनियों के लिए कारोबार शुरू करने से पहले ही बड़ी पूंजी और वित्तीय प्रतिबद्धता जरूरी हो जाती है।
सरकार को हर साल कम से कम 16 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद
सरकार ने लॉटरी को प्रदेश में अतिरिक्त राजस्व जुटाने के एक माध्यम के रूप में देखा है। निर्धारित शर्तों के अनुसार चयनित कंपनी से सालाना न्यूनतम 10 करोड़ रुपये लाइसेंस फीस के रूप में मिलने हैं। इसके अलावा कुल कारोबार का दो प्रतिशत या छह करोड़ रुपये, जो भी अधिक होगा, सरकार को प्राप्त होगा। इस हिसाब से सरकार को कम से कम 16 करोड़ रुपये सालाना मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त लॉटरी टिकटों पर लागू जीएसटी से भी राजस्व प्राप्त होना है। सरकार की मंशा है कि लॉटरी के माध्यम से ऐसा राजस्व स्रोत विकसित किया जाए, जिससे प्रदेश के खजाने को नियमित आमदनी हो सके। हालांकि, फिलहाल योजना का सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संचालन के लिए कंपनियां ही आगे नहीं आ रही हैं तो प्रस्तावित राजस्व का लक्ष्य कैसे हासिल होगा।
10 रुपये का टिकट और रोजाना 12 ड्रॉ निकालने की योजना
सरकार ने कंपनियों की प्रतिक्रिया को देखते हुए लॉटरी के प्रारूप में भी बदलाव किया है। संशोधित निविदा में न्यूनतम टिकट मूल्य 10 रुपये निर्धारित किया गया। इसके तहत प्रतिदिन 12 ड्रॉ निकालने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा साल में तीन बंपर ड्रॉ आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है। पहले ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की लॉटरी शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बाद में सरकार ने कागजी लॉटरी पर अधिक जोर दिया। इस व्यवस्था के तहत चयनित कंपनी को प्रदेश में बिक्री नेटवर्क तैयार करना होगा और लॉटरी टिकटों की बिक्री के लिए एजेंट नियुक्त करने होंगे।
अब शर्तें बदलने की तैयारी, तीसरी निविदा पर नजर
लगातार दो बार अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद अब सरकार के सामने सबसे बड़ा विकल्प निविदा की शर्तों में बदलाव करना है। कंपनियों को आकर्षित करने के लिए वित्तीय बोझ कम करने और कुछ तकनीकी शर्तों में राहत देने पर विचार किया जा सकता है। दरअसल, सरकार के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ प्रदेश को अतिरिक्त राजस्व की जरूरत है, वहीं दूसरी तरफ ऐसा व्यावहारिक मॉडल तैयार करना भी जरूरी है, जिसमें निजी कंपनियां निवेश और संचालन के लिए तैयार हों। यदि तीसरी निविदा में भी कंपनियां आगे नहीं आती हैं तो लॉटरी शुरू करने की समयसीमा और आगे खिसक सकती है। विभागीय स्तर पर आने वाले दिनों में इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
1999 में बंद हुई थी प्रदेश में लॉटरी
हिमाचल प्रदेश में वर्ष 1999 में लॉटरी व्यवस्था बंद कर दी गई थी। अब करीब 27 साल बाद सरकार इसे दोबारा शुरू करने की दिशा में कदम उठा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य लॉटरी (विनियमन) नियम, 2026 को चार जून को अधिसूचित किया गया था। इसके बाद संचालन के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। लेकिन अब तक की कवायद से स्पष्ट है कि केवल नियम अधिसूचित करने और राजस्व का लक्ष्य निर्धारित करने से योजना शुरू नहीं हो सकती। इसके लिए सरकार को ऐसा मॉडल तैयार करना होगा, जो सरकारी खजाने के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ निजी कंपनियों के लिए भी व्यावसायिक रूप से आकर्षक हो। बड़ा सवाल यह है कि हिमाचल में 27 साल बाद लॉटरी शुरू करने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आखिर कब धरातल पर उतरेगी? (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →