Chandigarh प्रॉपर्टी डीलर हत्या मामले में बड़ा अपडेट, पढ़ें..
चंडीगढ़/कैथल: मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह की दिनदहाड़े हत्या करने वाले शार्पशूटरों को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। हरियाणा के कैथल में पंजाब और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई (AGTF व STF) के दौरान हुए एनकाउंटर में फिरोजपुर का राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर का प्रीतम शाह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मलेशिया से आया था कातिल
जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य शूटर राजन, गैंगस्टर गौरव पटियाल के इशारे पर विशेष रूप से 15 जनवरी को मलेशिया से भारत आया था। वह नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा और लगातार चमनप्रीत की रेकी कर रहा था। आरोपियों ने सरहद पार (Border) से मंगवाए गए आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया और वारदात से पहले बाकायदा उनकी प्रैक्टिस भी की थी।
फिल्मी अंदाज में हुए फरार
हत्या के बाद शूटरों ने हेलमेट पहनकर चंडीगढ़ और मोहाली के उन रास्तों का इस्तेमाल किया जहां पुलिस की चेकिंग कम थी। मोहाली में बाइक छोड़कर वे लिफ्ट लेकर कैथल पहुंचे, जहां उनके पुराने दोस्त साहिल ने ठहरने का इंतजाम किया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से 130 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें घेर लिया। फिलहाल, चमनप्रीत का पोस्टमार्टम होना बाकी है और उनके परिवार में मातम पसरा है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →