HPRCA : जेबीटी अभ्यर्थी ने एआई से की थी परीक्षा केंद्रों में टैंपरिंग; जांच में खुलासा, आयोग ने थाने में दर्ज करवाया केस
आयोग को ई-मेल कर लगाए थे कई संगीन आरोप, राज्य चयन आयोग के रिकॉर्ड में एग्जाम सेंटर सही
बाबूशाही ब्यूरो
हमीरपुर : 14 अगस्त 2026 :
शिमला जिला से ताल्लुक रखने वाली एक जेबीटी अभ्यर्थी द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की जेबीटी भर्ती में अपना परीक्षा केंद्र बदलवाने के लिए एआई टूल की मदद से टैंपरिंग की गई थी। इस बात का खुलासा जांच के दौरान हुआ है। आयोग के सचिव ने इसकी पुष्टि की है।
दरअसल आयोग की ओर से इस संदर्भ में हमीरपुर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थी द्वारा आयोग को ई-मेल के साथ बाद में भेजे गए आवेदन में प्राथमिकताएं शिमला, सोलन और सिरमौर दर्शायी गई थीं, जबकि आयोग के मूल रिकॉर्ड में लाहुल-स्पीति, किन्नौर और सिरमौर जिलों के परीक्षा केंद्र दर्ज थे। हालांकि आयोग ने अभ्यर्थी की परीक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिकायत के आधार पर उसका परीक्षा केंद्र उदयपुर लाहुल-स्पीति से बदलकर शिमला भी कर दिया। इसके बावजूद अभ्यर्थी के रिश्तेदार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आयोग पर परीक्षा केंद्र आबंटन में हेर-फेर के आरोप लगाए थे। इसके बाद आयोग ने पुलिस में शिकायत देकर अभ्यर्थी और उसके रिश्तेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
पुलिस थाना सदर हमीरपुर में आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आयोग की शिकायत के अनुसार पोस्ट कोड 26015 के तहत जेबीटी जॉब ट्रेनी पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। इसमें शिमला निवासी अभ्यर्थी ने पहली अप्रैल को ऑनलाइन आवेदन किया था। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →