सुक्खू सरकार में सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना तय, दिल्ली में मंथन के बाद हाईकमान ने दी हरी झंडी; जल्द होगा शपथ ग्रहण, जानिए कैसे बनी दावेदारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 14 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान से इस संबंध में सहमति मिलने के बाद अब शपथ ग्रहण की तारीख तय होना बाकी है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही संकेत दे चुके हैं कि सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इससे पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक शपथ कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक से पहले भी हो सकती है।
दिल्ली में हुई अहम बैठक
मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक बदलावों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अलग स्तर पर भी चर्चा हुई, जिसमें सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर सहमति बनी। अब शपथ समारोह के लिए उपयुक्त तारीख तय की जानी है।
15 अगस्त से पहले शपथ की चर्चा
सुंदर सिंह ठाकुर के शपथ ग्रहण को लेकर 15 अगस्त से पहले की संभावना भी सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, ठाकुर के 15 अगस्त के आसपास लाहौल-स्पीति के केलांग में जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है, जिसके चलते उससे पहले शपथ दिलाए जाने की अटकलें तेज हुई हैं। हालांकि, अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
खाली है मंत्रिमंडल की एक सीट
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 12 पद हैं। सुक्खू सरकार के गठन के बाद कुछ चरणों में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ, लेकिन एक पद लंबे समय से खाली है। अब इस रिक्त पद पर कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है।
सुंदर सिंह ठाकुर पहले सुक्खू सरकार में मुख्य संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। बाद में हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्तियां समाप्त हो गई थीं।
मंत्रियों के विभागों में भी हो सकता है बदलाव
सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद सरकार में विभागों के पुनर्वितरण की संभावना भी जताई जा रही है। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष पद और कांगड़ा क्षेत्र को सरकार में प्रतिनिधित्व देने को लेकर भी कांग्रेस नेतृत्व के स्तर पर मंथन जारी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल शपथ ग्रहण की तारीख को लेकर है। कांग्रेस हाईकमान से सहमति के बाद अब सभी की नजरें राजभवन और सरकार की ओर हैं। आधिकारिक कार्यक्रम सामने आने के बाद ही शपथ की तारीख और समय स्पष्ट होगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →