हिमाचल में 17 अगस्त को स्कूलों में रहेगी छुट्टी, CM सुक्खू ने बिलासपुर में किया ऐलान
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर : 14 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की। यह फैसला 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी को देखते हुए लिया गया है।
इससे पहले शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को खोलकर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने के निर्देश जारी किए थे। विद्यार्थियों और शिक्षकों को जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के निर्देश दिए गए थे।
पहली बार स्कूलों में होगा मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस बार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थी एक साथ मुख्यमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू यहां ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
विद्यार्थियों की समारोह में रहेगी भागीदारी
शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी संबंधित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे। वहीं, कॉम्प्लेक्स स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में आने वाले प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी समारोह में शामिल किया जाएगा।
दूरदराज और अन्य क्षेत्रों के स्कूलों में स्थानीय स्तर पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
17 अगस्त की छुट्टी को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब प्रदेश के स्कूलों में 15 अगस्त को कार्यक्रम और 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →