Himachal: Chamba News: चंबा-तीसा सड़क पर भूस्खलन; 3 घंटे थमे रहे वाहनों के पहिये
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा, 18 मार्च 2026 : तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर सरेला नाला के समीप तीन घंटे वाहनों की रफ्तार थमी रही। सरेला नाला में बारिश के बाद कच्ची मिट्टी के सड़क पर गिरने के कारण वाहनों के पहिये थमे रहे। सूचना मिलने के बाद विभागीय लेबर और मशीनरी मौके पर पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क वाहनों के लिए बहाल करवाकर लोगाें को राहत प्रदान की गई। सरेला नाला में दलदली जमीन वाहन चालकों की खूब परीक्षा ले रही है। आलम यह है कि सड़क पर वाहन चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। वहीं बस चालकों को भी दोनों किनारों पर सवारियों को उतारकर अपने स्तर पर ही बसों को लेकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सरेला नाला में बार-बार भूस्खलन होता रहता है। इससे रात के समय यहां से आवाजाही करना काफी चुनौतीपूर्ण है।
ग्रामीणों योगराज, अमित कुमार, हरीश कुमार, केसर चंद, दलीपा राम, हाकम चंद आदि ने बताया कि मंगलवार को चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर सरेला के पास सुबह नौ बजे के करीब मिट्टी गिरने से सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई। देखते ही देखते दोनों किनारों पर वाहनों की कतार लगी गई। सूचना मिलने के बाद विभागीय लेबर और मशीनरी मौके पर पहुंचाई गई। इसके बाद ही सड़क 12 बजे के करीब वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो पाई।
चंबा-तीसा सड़क पर सरेला नाला में कुछ समय पहले भी दो बसें फंस चुकी हैं। एक सप्ताह पूर्व एक निजी बस बीच राह फंस गई। इससे सड़क पर यातायात बंद हो गया। यह निजी बस सनवाल से चंबा जा रही थी, तभी सरेला के पास सड़क पर कीचड़ में बस फंस गई।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क को सुरक्षित करने के लिए मौसम खुलने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →