Himachal : Kullu Hospital Case: कुल्लू अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स भी निलंबित; महिला की मौत पर कार्रवाई, मुख्यालय डीडीयू अस्पताल फिक्स
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 02 जुलाई 2026 :
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में 21 जून को कुल्लू अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चिकित्सा अधीक्षक ने 30 जून को भेजी अपनी रिपोर्ट में बताया कि प्रसूता की मौत के मामले को लेकर स्टाफ नर्स के खिलाफ सार्वजनिक शिकायत मिली थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ड्यूटी के दौरान उनका मरीजों और उनके परिजनों के प्रति व्यवहार अनुचित था। उनके खिलाफ गंभीर कदाचार, असंतोषजनक संवाद और पेशेवर आचरण के उल्लंघन के आरोप पाए गए हैं।
इन्हीं आरोपों के आधार पर स्टाफ नर्स के खिलाफ सीसीएस (सीसीए) नियम, 1965 के तहत विभागीय जांच शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। जांच पूरी होने तक उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय डीडीयू अस्पताल, शिमला निर्धारित किया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →