HPUJ Membership Drive : पत्रकारों को संगठित करने की दिशा में बड़ा कदम, हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट का सदस्यता अभियान आज से शुरू
15 जुलाई तक चलेगा अभियान, इसके बाद होगी प्रदेश कार्यकारिणी का गठन व शेष जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 30 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों के सबसे सक्रिय संगठनों में शामिल हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एचपीयूजे) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए 1 जुलाई से 15 जुलाई तक प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा तथा पत्रकार हितों के लिए एक मजबूत और प्रभावी संगठन तैयार करना है।
प्रदेश संगठन सचिव गोपाल दत्त शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन का द्विवार्षिक राज्य सम्मेलन जुलाई 2025 में विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में वरिष्ठ पत्रकार जोगिंद्र देव आर्य को सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद 16 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र बंगाणा में राज्य स्तरीय सम्मेलन का सफल आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकारों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया था। हालांकि, दोनों सम्मेलनों के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी का पूर्ण गठन नहीं हो पाया था।
उन्होंने बताया कि अब संगठन ने जुलाई माह में राज्य कार्यकारिणी का गठन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए पहले सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि संगठन का वास्तविक सदस्य आधार तैयार हो सके और उसी के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे का विस्तार किया जा सके।
गोपाल दत्त शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट की सदस्यता केवल एक वर्ष के लिए मान्य होती है। संगठन द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र (आईकार्ड) की वैधता समाप्त होने के साथ ही सदस्यता भी स्वतः समाप्त मानी जाती है। इसलिए सभी पुराने सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे अपने आईकार्ड की अवधि की जांच कर समय रहते अपनी सदस्यता का नवीनीकरण करवाएं। साथ ही जो पत्रकार अभी तक संगठन से नहीं जुड़े हैं, वे भी सदस्यता ग्रहण कर संगठन की ताकत बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान रिकॉर्ड के अनुसार संगठन के 12 जिलों में कुल 395 सक्रिय सदस्य हैं। प्रदेश संगठन सचिव ने जानकारी दी कि जिला सिरमौर, शिमला, ऊना और कुल्लू में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। जबकि शेष जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति तथा प्रदेश कार्यकारिणी का गठन 15 जुलाई के बाद आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैठक में किया जाएगा।
यह चयन सदस्यता अभियान के दौरान बने सदस्य आधार को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के पत्रकारों से अपील की कि वे अपने-अपने जिलों, उपमंडलों और स्थानीय व्हाट्सएप समूहों में सदस्यता अभियान का संदेश अधिक से अधिक साझा करें, ताकि प्रदेश का कोई भी पत्रकार इस अभियान से अछूता न रहे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पत्रकारों के सहयोग से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पत्रकारों के हितों की आवाज को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
गोपाल दत्त शर्मा ने अंत में सभी पत्रकार साथियों से सदस्यता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह करते हुए कहा कि एक मजबूत और संगठित पत्रकार संगठन ही पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की सबसे बड़ी शक्ति है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →