Himachal : धर्मशाला जेल से फरार हुई महिला कैदी, पुलिस ने 3 घंटे में नूरपुर से किया गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला: 01 जुलाई 2026 : हिमाचल प्रदेश की लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां से एक विचाराधीन महिला कैदी अचानक बैरक से फरार हो गई।
हालांकि, कांगड़ा पुलिस और जेल स्टाफ की मुस्तैदी के चलते महिला कैदी के भागने के मंसूबे ज्यादा देर टिक नहीं सके। पुलिस ने सर्च ऑप्रेशन चलाकर महज 3 घंटे के भीतर ही फरार कैदी को नूरपुर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।
जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार विचाराधीन महिला कैदी की पहचान अरविंदर कौर पुत्री सुखविंदर कौर, निवासी ग्राम बल्टोहा जोधसिंह वाला, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है।
अरविंदर कौर नूरपुर थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 (नशा तस्करी) के मामले में विचाराधीन थी। मंगलवार सुबह लगभग 9:11 बजे वह महिला बैरक से अचानक फरार हो गई। कैदी के गायब होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई और कैदी की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी कर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया।
पुलिस एवं जेल विभाग के बेहतरीन तालमेल के चलते लगभग दोपहर 12 बजे फरार महिला कैदी को उप-कारागार नूरपुर के जेल स्टाफ तथा पुलिस स्टाफ ने नूरपुर क्षेत्र से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →