Himachal Weather Alert : मानसून की एंट्री के साथ हिमाचल में छह की मौत; आज कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर के लिए अलर्ट
चार लोगों ने भारी बारिश और दो ने खराब मौसम के बीच हुए सडक़ हादसों में गंवाई जान
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 02 जुलाई 2026 :
हिमाचल में मानसून की एंट्री के पहले ही दिन तेज बारिश के चलते हुई दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में से दो लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई, जबकि एक व्यक्ति की पहाड़ी से फिसलने और एक की करंट लगने से जान गई। दो अन्य लोगों की भी अलग-अलग हादसों में मौत हुई है।
प्रदेश के कांगड़ा जिला में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि मंडी जिला में एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं कांगड़ा और लाहुल-स्पीति में रोड एक्सीडेंट के कारण दो लोगों की जान चली गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बुधवार शाम तक प्रदेश में एक एनएच 35 सडक़ें बंद हो गई थीं, जबकि 127 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है।
एसईओसी की रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 18 सड़कें कुल्लू जिला में बंद हैं। इसके अलावा मंडी में 11, जबकि ऊना, सिरमौर और लाहुल-स्पीति में दो-दो सडक़ें यातायात के लिए बंद हैं। लोक निर्माण विभाग प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल करने के लिए मशीनरी और कर्मचारियों की मदद से युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। प्रदेश में 127 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इनमें कुल्लू में 86, सोलन और सिरमौर में 12-12, मंडी में 11 तथा ऊना में पांच ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। राहत की बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल किसी भी पेयजल योजना के प्रभावित होने की सूचना नहीं है। बारिश के कारण मंडी और शिमला जिलों में एक-एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →