Punjab में 'ऑरेंज अलर्ट': मार्च में लौटी जनवरी वाली ठंड; 48 घंटे में 4 डिग्री और गिरेगा पारा
चंडीगढ़: उत्तर भारत में सक्रिय हुए तीन मौसमी सिस्टम (पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती घेरे) के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड ने जबरदस्त वापसी की है। 24 घंटे में तापमान 2.7 डिग्री और गिर गया है, जिससे यह सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी दी है।
तूफानी हवाएं और बारिश का असर
आज पूरे राज्य में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और बठिंडा समेत 19 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 10 मिमी बारिश श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज की गई है।
2 साल का रिकॉर्ड टूटा
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, मार्च के महीने में ऐसी ठंड दो साल बाद देखने को मिली है। अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की और गिरावट आ सकती है। हालांकि 21 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 22 और 25 मार्च को फिर से हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →