हरियाणा-पंजाब-चंडीगढ़ के विकास के लिए अम्बाला-चंडीगढ़ मेट्रो जरूरी: अनिल विज
ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से की मेट्रो परियोजना को लेकर चर्चा
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 17 जून 2025:
हरियाणा के ऊर्जा और परिवहन मंत्री अनिल विज ने आज स्पष्ट रूप से कहा कि अम्बाला से चंडीगढ़ तक मेट्रो ट्रेन परियोजना हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। विज ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर गंभीरता से चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश है, जहां हर दिन हजारों की संख्या में हरियाणा और पंजाब से लोग कामकाज और व्यापार के लिए आते-जाते हैं, लेकिन वर्तमान में केवल एक सड़क मार्ग पर निर्भरता के कारण भारी ट्रैफिक और जाम की समस्या बनी रहती है।
मेट्रो परियोजना की प्राथमिकताएं:
-
अम्बाला-चंडीगढ़ मेट्रो रूट से लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलेगी।
-
मोहाली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को भी प्रस्तावित मेट्रो रूट से जोड़े जाने की योजना है।
-
विज ने कहा, "मेट्रो रेल परियोजना की नींव डाली जा चुकी है, अब इसे धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल ट्रैफिक की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास में भी योगदान देगी।
“प्रधानमंत्री को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान मिलना, पूरे देश के लिए गर्व की बात”
अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,“यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के आत्मगौरव का प्रतीक है। मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्हें कई देशों में सर्वोच्च सम्मान मिला है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति ने भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को जिस तरह बढ़ाया है, वह अभूतपूर्व है। विश्व आज भारत को एक प्रभावशाली वैश्विक शक्ति के रूप में देख रहा है, और यह सम्मान उसी दिशा में एक और प्रमाण है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →