Himachal: Nihangs Blocked Kiratpur -Manali NH : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर अभद्र टिप्पणी के आरोपी ब्लॉगर की गिरफ्तारी पर बवाल, कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर घंटों तक जाम
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर: 24 जुलाई 2026 : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी एक निहंग ब्लॉगर की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर भारी हंगामा देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने कीरतपुर से करीब 10 किलोमीटर पहले गरामोड़ टोल प्लाजा पर धरना देकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और निहंग समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि शिमला पुलिस ने संबंधित युवक को गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश और पंजाब पुलिस के जवान भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले शिमला के रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के पास एक निहंग ब्लॉगर ने वीडियो बनाकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। वीडियो में उसने दावा किया था कि यह वही महिला हैं, जिन्हें 1984 में सिखों ने मार दिया था। इसके अलावा उसने वीडियो में अन्य विवादित टिप्पणियां भी की थीं। इसी मामले में शिमला पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ।
इस बीच, बिलासपुर जिला प्रशासन ने पहले से निर्धारित हाईवे मरम्मत कार्य के चलते मंडी-भराड़ी पुल से कैंची मोड़ टनल नंबर-1 तक शुक्रवार सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक यातायात बंद रखने के आदेश जारी किए थे। शनिवार को भी इसी अवधि में हाईवे बंद रहने की सूचना है।
हालांकि मरम्मत कार्य के बाद जैसे ही हाईवे खोला गया, टोल प्लाजा पर पहले से मौजूद प्रदर्शनकारियों के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गर्मी के बीच परिवारों सहित यात्रा कर रहे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यातायात बहाल करने के लिए भी लगातार प्रयास जारी हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →