क्या भारत पर भी लगेगा 500% टैरिफ? रूसी तेल खरीद पर अमेरिकी वित्त मंत्री का आया बयान
Babushahi Bureau
वॉशिंगटन, 21 January 2026 : अमेरिका और भारत के रिश्तों और व्यापार को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने संकेत दिया है कि भारत पर रूसी तेल खरीदने के मामले में 500 फीसदी टैरिफ (Tax) नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि डोनाल्ड ट्रंप की सख्ती के बाद भारत ने अपना रुख बदल लिया है, जबकि अब अमेरिका की नजर चीन जैसे देशों पर है।
एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान वित्त मंत्री बेसेंट ने कहा कि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत ने रूस से तेल खरीदना शुरू किया था। लेकिन जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 25 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया, तो भारत ने समझदारी दिखाते हुए रूसी तेल की खरीद कम कर दी और अब बंद कर दी है। इसी वजह से भारत भारी जुर्माने से बच सकता है।
क्या है 500 फीसदी टैरिफ वाला कानून?
दरअसल, अमेरिकी संसद (सीनेट) में सीनेटर लिंडसे ग्राहम की ओर से एक बिल पेश किया गया है। इस बिल के मुताबिक जो भी देश रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा, उस पर अमेरिका 500 फीसदी तक टैक्स लगा सकता है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप के पास पहले से ही कार्रवाई करने के अधिकार हैं, लेकिन यह कानून उन्हें चीन और ब्राजील जैसे देशों पर दबाव बनाने की और ताकत देगा।
चीन और यूरोप पर साधा निशाना
बेसेंट ने साफ किया कि अमेरिका का मुख्य निशाना चीन है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के बावजूद चीन रूस का सबसे बड़ा ऊर्जा खरीदार बना हुआ है। अमेरिका का मानना है कि सस्ते रूसी तेल की खरीद करके चीन अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहा है। इसके अलावा उन्होंने यूरोपीय देशों को भी फटकार लगाई कि वे चार साल बाद भी रूसी तेल खरीदकर अपने ही खिलाफ युद्ध को फंड दे रहे हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →