Himachal Bus Accident: उत्तराखंड के क्वानू के पास खड्ड में गिरी एचआरटीसी बस, तीन की माैत, 34 यात्री घायल
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/रोहड़ू, 03 फरवरी 2026 : हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के नेरवा डिपो की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन लोगों की माैत की सूचना है। 34 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 9:30 नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस संख्या एचपी66 ए 2588 हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर क्वानू के पास नीचे शूदोई खड्ड में गिर गई। परिचालक की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 37 यात्री सवार थे।
घायल यात्री ने बताया, इस वजह से हुआ हादसा
माैके पर एसडीआरएफ, हिमाचल व उत्तराखंड पुलिस की ओर से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे की जानकारी बस के परिचालक ने पुलिस को फोन पर दी। दुर्घटना में घायल हुए नेरवा में प्लंबर का काम करने वाले विनोद कुमार पंडित निवासी बिहार ने बताया कि हादसा एक ट्रक को पास देते समय सड़के किनारे डंगे के अचानक गिरने के कारण हुआ है। घायल विनोद खुद चलकर सड़क तक पहुंचे जबकि उनके साथी को स्थानीय निवासियों ने उठाकर सड़क तक पहुंचाया।
घायलों का आरोप है कि हादसे के दो घंटे बाद तक भी उत्तराखंड प्रशासन व पुलिस दुर्घटनास्थल तक नहीं पंहुची है। क्वानू, आसपास के गांव के लोगों ने ही सभी घायलों को सड़क तक उठाकर लाया। रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने घायलों को अपने वाहनों में बिठाकर अस्पताल तक रवाना किया। इस हादसे में ऋचा(30) पत्नी वीरेंद्र चौहान निवासी ग्राम बिजमल नेरवा की माैत होने की पुष्टि उनके देवर बिजमल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश चौहान ने की है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलिकाप्टर से लाने के निर्देश
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेरवा डिपो की चौपाल-पांवटा मार्ग पर जा रही एचआरटीसी बस के उत्तराखंड में दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुखद जताया है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन से स्थिति की जानकारी ली है और घटनास्थल के स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों को तुरंत सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की प्रार्थना की है। सीएम ने गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को हेलिकाप्टर से एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →