चार साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की इन दवाओं पर सरकार ने लगाई रोक, जानें वजह
सेहत के लिए बताया खतरनाक, पैकेट पर बड़े अक्षरों में चेतावनी लिखने के निर्देश
बाबूशाही नेटवर्क
नई दिल्ली/शिमला: 23 अगस्त 2026 : देश में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति एक बहुत बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। केंद्र सरकार ने चार साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की दवाओं (एफडीसी) के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश के शीर्ष दवा नियामक सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (सीडीएससीओ) की सिफारिशों पर अमल करते हुए चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सामान्य सर्दी-जुकाम और खांसी के इलाज में धड़ल्ले से इस्तेमाल होने वाले दो रसायनों के मिश्रण (फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन) को पूरी तरह प्रतिबंधित व विनियमित कर दिया है। यह प्रतिबंध मुख्य रूप से ‘क्लोरफेनिरामाइन मैलेट’ और ‘फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड’ के मिश्रण (फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन यानी एफडीसी) पर लगाया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह फॉर्मूलेशन नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से असुरक्षित साबित हो सकता है।
दवा निर्माताओं को आदेश दिया गया है कि वे इन दवाओं के रैपर, लेबल, पैकेज के अंदर मिलने वाली पर्ची (पैकेज इन्सर्ट) और विज्ञापनों पर बड़े अक्षरों में यह वैधानिक चेतावनी अवश्य लिखें: ‘इस फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल चार साल से कम उम्र के बच्चों पर नहीं किया जाना चाहिए।’ चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, क्लोरफेनिरामाइन मैलेट एक एंटीहिस्टामाइन दवा है, जिसका उपयोग एलर्जी के लक्षणों जैसे बहती नाक, लगातार छींक आना, और आंखों से पानी आने को रोकने के लिए किया जाता है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →