Himachal Pradesh: SP सोलन का सख्त एक्शन: ड्यूटी में लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 4 होमगार्ड पर भी कार्रवाई
Babushahi Bureau
सोलन, 03 फरवरी 2026: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में कोताही बरतने वाले 5 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, 4 होमगार्ड जवानों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रात 2 बजे एसपी का औचक निरीक्षण
यह कार्रवाई सोमवार देर रात एसपी गौरव सिंह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद की गई। कानून व्यवस्था और रात्रि ड्यूटी की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए एसपी रात करीब 2 बजे अचानक फील्ड में पहुंचे। उन्होंने परवाणू, धर्मपुर और सोलन सदर थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले थानों व पुलिस चौकियों का सरप्राइज निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आई। कुछ इलाकों में रात्रि गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) संतोषजनक नहीं पाई गई, जबकि एक स्थान पर जांच अधिकारी द्वारा भी ड्यूटी का समुचित निर्वहन नहीं किया जा रहा था। मौके पर 5 पुलिसकर्मी और 4 होमगार्ड जवान अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाह पाए गए, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस महकमे में हड़कंप
एसपी द्वारा देर रात की गई इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी गौरव सिंह ने साफ संदेश दिया है कि जनता की सुरक्षा से जुड़ी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माना जा रहा है कि इस सख्ती के बाद जिले में रात्रि गश्त और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →