Breaking News: Lady School Owner Shot Dead In Shimla: हिमाचल में स्कूल संचालिका की गोलियां मारकर हत्या, नकाबपोश हमलावरों ने दागी गोली
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 14 जून 2026 :
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
शनिवार शाम को दो नकाबपोश अज्ञात हमलावरों ने स्कूल के मुख्य गेट के बाहर मनीषा के सिर और छाती पर गोलियां दागीं। इससे वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल को सील कर हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार मनीषा मित्तल शनिवार शाम को स्कूल के मुख्य गेट के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश वहां पहुंचे और काफी नजदीक से उन पर एक के बाद एक फायर किए। इससे मनीषा वहीं पर गिर गईं।
बताया जा रहा है कि उन पर तीन फायर किए गए हैं, लेकिन उन्हें इनमें से कितनी गोलियां लगीं, इसको लेकर जांच की जा रही है।
मामला शनिवार शाम करीब 6:00 बजे का बताया जा रहा है। अचानक गोलियां चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घबराकर बाहर की ओर निकले। इसके बाद मामले की सूचना संजौली पुलिस स्टेशन को दी गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। वहीं घटनास्थल से गोलियों के खोल भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने स्कूल के सुरक्षा कर्मी के बयान दर्ज किए हैं।
रात 9:00 बजे के करीब सीएफएसएल जुन्गा से विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी प्रवेशद्वारों पर नाकाबंदी कर दी है। पुलिस आपसी रंजिश और संपत्ति विवाद जैसे बिंदुओं पर भी गौर कर रही है। मनीषा का स्कूल के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर मनीषा ने 4 अप्रैल को पहले प्रेसवार्ता की थी। इसके अलावा उन्होंने एक अप्रैल को सोशल मीडिया पर भी इस पूरे विवाद को लेकर वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस के अधिकारियों से भी संपर्क किया था। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →