Himachal: Taxi Driver Gets Lottery Of 3 Crores: बठिंडा में खरीदी दो टिकटें, हिमाचल के टैक्सी चालक की चमकी किस्मत; जीती 3 करोड़ की लॉटरी
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला : 20 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक टैक्सी चालक कल्याण चंद की किस्मत उस समय चमक गई, जब उसने पंजाब के बठिंडा में खरीदी गई लॉटरी से 3 करोड़ रुपये का इनाम जीत लिया।
चालक सवारी छोड़ने के लिए बठिंडा गया था, जहां उसने 500-500 रुपये की दो लॉटरी टिकटें खरीदीं। इनमें से एक टिकट पर उसे 3 करोड़ रुपये का प्रथम पुरस्कार मिल गया।
लॉटरी जीतने की खबर मिलते ही चालक और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। चालक ने बताया कि उसने कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी रकम की लॉटरी निकल जाएगी। उसने कहा कि उसका सबसे बड़ा सपना अपना घर बनाना है और अब वह इस सपने को पूरा करेगा। इसके अलावा वह अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने पर भी राशि खर्च करेगा।
चालक के अनुसार, लॉटरी जीतने की सूचना मिलने के बाद उसे शुरुआत में विश्वास ही नहीं हुआ। टिकट की जांच करवाने पर इनाम की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिवार और परिचितों ने उसे बधाई दी। क्षेत्र में भी इस खबर की खूब चर्चा हो रही है।
3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने के बाद टैक्सी चालक की जिंदगी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। उसने कहा कि वह मेहनत करना नहीं छोड़ेगा, लेकिन अब परिवार के कई अधूरे सपने पूरे हो सकेंगे। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →