Himachal: Drug Racket Busted : चार राज्यों में फैले ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़; हिमाचल, UP, राजस्थान और चंडीगढ़ में तस्करी का खुलासा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 19 जुलाई 2026 : शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार राज्यों तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
वैज्ञानिक जांच, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। जांच में लाखों रुपए के संदिग्ध बैंक लेन-देन और संगठित ड्रग तस्करी के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च, 2026 को रोहड़ू थाना पुलिस ने गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। उसके कब्जे से नौ ग्राम चिट्टा बरामद होने पर थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 29 वर्षीय सार्थक सूद निवासी रोहड़ू को गिरफ्तार किया गया। इससे उत्तर प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश से अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों से सामने आया कि वह राजस्थान के चूरू निवासी वासु उर्फ हर्ष सिंघानिया के साथ मिलकर संगठित तरीके से चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने 15 जुलाई, 2026 को वासु उर्फ हर्ष सिंघानिया को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। वित्तीय जांच में सामने आया कि 15 मार्च को बरामद 9 ग्राम चिट्टा की आपूर्ति के एवज में वासु के बैंक खाते में 18 हजार रुपए जमा हुए थे।
सह-आरोपी अमित गुप्ता ने उसके खाते में लगभग 3.50 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →