Himachal: Monsoon Red Alert : हिमाचल के पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और चंबा में 20 व 21 जुलाई को शिक्षण संस्थान बंद
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/ कुल्लू : 20 जुलाई 2026 : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), शिमला ने हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों—चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर—के लिए 20 और 21 जुलाई को भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र प्रशासन ने एहतियातन कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और चंबा जिलों के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में 20 और 21 जुलाई को अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार रेड अलर्ट चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए जारी किया गया है, जबकि शिमला, हमीरपुर और ऊना जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। फिलहाल शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और चंबा जिलों में लिया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 20 से 22 जुलाई के दौरान भारी वर्षा की गतिविधियां चरम पर रहने की संभावना है। विशेष रूप से मध्य पर्वतीय क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में 20 और 21 जुलाई को कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में भूस्खलन, अचानक बाढ़, बादल फटने तथा नदी-नालों के जलस्तर में तेज़ बढ़ोतरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →