Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में 25 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्लीः इसरो की सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक देश के करीब 70% हिस्से में मानसूनी बादल छाए हुए हैं। अगले 25 जुलाई तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत समेत देश के 60% से ज्यादा हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। इस मानसून सीजन में देशभर में बारिश सामान्य से 24% कम हुई है।
इधर, यूपी में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी और प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध से लेकर पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत 40 छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है।
वहीं, राजस्थान में मानसून पर ब्रेक लगने के बाद गर्मी बढ़ने लगी है। बीकानेर संभाग के तीन जिलों में रविवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। राज्यभर में कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जो अगले तीन दिनों तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल…
21 जुलाई:
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
पूर्वी यूपी, बिहार, असम, मेघालय और सिक्किम, बंगाल, पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश होगी।
कर्नाटक और तेलंगाना में तेज हवाएं चल सकती हैं।
22 जुलाई:
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, असम, मेघालय और सिक्किम, बंगाल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा नगालैंड और केरल में भारी बारिश होगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →