Himachal Monsoon: हिमाचल में छह दिन फिर भारी बारिश की चेतावनी; 23 जुलाई को 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, भूस्खलन से 100 से ज्यादा सड़कें बंद
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू : 23 जुलाई 2026 : हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता से जमकर बादल बरस रहे हैं। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में बुधवार को भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल रेड अलर्ट की चेतावनी नहीं है। 23 जुलाई को किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोडकर शेष सभी 10 जिलों ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 जुलाई को चम्बा, कांगड़ा और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। 25 जुलाई को 8 जि़लों शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चम्बा बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई को ऊना, कांगड़ा, सोलन व सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश शिमला जिले के मशोबरा में 120 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर के नैना देवी में 110 मिलीमीटर, ऊना के नंगल डैम में 90 मिलीमीटर, बिलासपुर के मलराउंन में 80 मिलीमीटर, शिमला के कुफरी, शिमला शहर और सिरमौर के जतौंन बैरेज में 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
भूस्खलन और मलबा आने से करीब 100 सड़कें बंद हैं, जिनकी बहाली का काम जारी है। कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों से केवल जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →