Himachal: Digital Darshan Of Baijnath-Mahakal : 30 जुलाई से शिव मंदिर बैजनाथ एवं महाकाल मंदिर में डिजिटल माध्यम से दर्शन व पूजा-अर्चना की मिलेगी सुविधा
बाबूशाही ब्यूरो
बैजनाथ(कांगड़ा):23 जुलाई 2026 : उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन कांगड़ा की पहल के तहत आगामी 30 जुलाई 2026 से ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ तथा महाकाल मंदिर में श्री मंदिर ऐप के माध्यम से डिजिटल दर्शन, पूजा-अर्चना एवं चढ़ावा अर्पित करने की सुविधा प्रारंभ की जा रही है।
श्री मंदिर ऐप देश के प्रमुख डिजिटल धार्मिक प्लेटफॉर्मों में से एक है जिसके माध्यम से देश के अनेक विख्यात एवं प्राचीन मंदिरों के दर्शन, पूजा-अर्चना और चढ़ावे की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु घर बैठे अधिकृत रूप से मंदिरों में पूजा-अर्चना, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता तथा चढ़ावा अर्पित कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रवासी भारतीयों तथा किसी कारणवश मंदिर तक नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही डिजिटल माध्यम से प्राप्त होने वाले चढ़ावे एवं धार्मिक सेवाओं से मंदिरों की आय में भी वृद्धि होगी जिससे मंदिरों के रखरखाव, संरक्षण एवं विकास कार्यों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्राप्त होगी।
एस डी एम ने इस पहल के लिए उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं उपमंडल प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से उपमंडल बैजनाथ में पहली बार श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से दर्शन एवं पूजा-अर्चना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल जिले की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा तथा श्री चामुंडा देवी मंदिर में भी यह सुविधा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है और अब इस सुविधा से शिव मंदिर बैजनाथ मंदिर एवं महाकाल मंदिर के जुड़ने से अधिक संख्या में श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से मंदिरों की धार्मिक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →