विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026: मानसून के दौरान हेपेटाइटिस-ई को नजरअंदाज न करें: डॉ. अरविंद साहनी
मोहाली, 29 जुलाई 2026: विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026 के अवसर पर लिवर रोग विशेषज्ञों ने आम जनता और स्वास्थ्यकर्मियों से हेपेटाइटिस-ई के प्रति अधिक जागरूक रहने की अपील की है। यह भारत में तीव्र वायरल हेपेटाइटिस के प्रमुख कारणों में से एक है।
हालाँकि हेपेटाइटिस-ई को अक्सर स्वयं ठीक होने वाली बीमारी माना जाता है, लेकिन गर्भवती महिलाओं, पुरानी लिवर बीमारी से पीड़ित मरीजों, प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) करा चुके रोगियों तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में यह गंभीर और जानलेवा रूप ले सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी हेपेटाइटिस-ई को एक महत्वपूर्ण वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती मानता है। यह संक्रमण मुख्यतः दूषित पेयजल के माध्यम से फैलता है और खराब स्वच्छता तथा विशेष रूप से मानसून के दौरान होने वाले प्रकोप से जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर फोर्टिस हॉस्पिटल, मोहाली के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. अरविंद साहनी ने कहा,
“हर वर्ष मानसून के दौरान जलजनित संक्रमणों में वृद्धि देखी जाती है। टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए जैसी बीमारियों के बारे में लोग जागरूक हैं, लेकिन हेपेटाइटिस-ई अब भी अपेक्षाकृत कम पहचाना जाता है, जबकि यह उच्च जोखिम वाले लोगों में गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकता है।”
उन्होंने बताया कि निम्नलिखित लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए:
* पीलिया
* गहरे रंग का मूत्र
* अत्यधिक थकान
* मतली और उल्टी
* भूख कम लगना
उन्होंने लोगों से सलाह दी कि यदि ये लक्षण लगातार बने रहें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
हाल के भारतीय क्लीनिकल दिशानिर्देशों में भी उच्च जोखिम वाले लोगों, विशेषकर पुरानी लिवर बीमारी और कमजोर प्रतिरक्षा वाले मरीजों में हेपेटाइटिस-ई की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया है। स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वच्छता और समय पर रोकथाम के उपाय गंभीर संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
डॉ. साहनी ने लोगों को सलाह दी कि वे:
* केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पिएँ।
* अस्वच्छ स्थानों पर बना भोजन खाने से बचें।
* भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद हाथ अच्छी तरह धोएँ।
* पीलिया होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
* उच्च जोखिम वाले व्यक्ति अपने चिकित्सक से डीसीजीआई (DCGI) द्वारा अनुमोदित हेपेटाइटिस-ई वैक्सीन सहित उपलब्ध रोकथाम विकल्पों के बारे में परामर्श लें।
“विश्व हेपेटाइटिस दिवस हमें यह याद दिलाता है कि उपचार से बेहतर रोकथाम है। जन-जागरूकता, समय पर पहचान और उचित रोकथाम के उपायों से गंभीर हेपेटाइटिस-ई संक्रमण से बचाव संभव है।”
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →