Himachal Accident : Five Died in Road Mishap : भरमौर-पठानकोट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा; ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 28 जुलाई 2026 : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लाहड़ के समीप ऑल्टो के-10 कार (एचपी-48ए-8534) अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना दुर्गम क्षेत्र में होने तथा रात का समय होने के कारण राहत अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खोने या अन्य किसी कारण से कार गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि पहाड़ी मार्गों पर, विशेषकर रात्रि और खराब मौसम के दौरान, अत्यंत सावधानी के साथ वाहन चलाएं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →