Himachal: ओल्ड मनाली में दर्दनाक सड़क हादसा: जिम्नी मनालसु नाले में गिरी, दो युवकों की मौत, तीन घायल
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 01 अगस्त 2026 : पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक जिम्नी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार, थाना मनाली को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक तुलसी राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में होटल Rest N Ramble के मैनेजर जयन्त तिवारी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 1 बजे उन्हें होटल के पीछे क्लब हाउस की ओर सड़क से नीचे वाहन गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग की जिम्नी (HP26A-0011) लगभग 20 फुट नीचे मनालसु नाले में गिरी हुई थी।
हादसे में रोहित कुमार (32) पुत्र नेत्र सिंह, निवासी गांव झीड़ी, डाकघर नगवांई, तहसील औट, जिला मंडी तथा करुण बौद्ध पुत्र बाबू लाल, निवासी गांव एवं डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उनके एमएलसी (MLC) तैयार किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मनाली के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
थाना प्रभारी मनाली ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →