Himachal Pradesh: मानव भारती यूनिवर्सिटी मामले में डीजीपी की भूमिका पर बिक्रम ठाकुर ने उठाए सवाल, पूर्व उद्योग मंत्री बोले -दो साल तक एफआईआर एक दर्ज नहीं
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 02 अगस्त 2026 :
पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर से भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने मानव भारती विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री मामले को लेकर प्रदेश के वर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
रविवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि जब वर्तमान डीजीपी एडीजी, स्टेट सीआईडी के पद पर कार्यरत थे, तब मानव भारती विश्वविद्यालय के कथित फर्जी डिग्री प्रकरण में दो वर्षों तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले में समय रहते कार्रवाई न होना कई प्रश्न खड़े करता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बिक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर गंभीर है तो उन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन पर तबादलों तथा अन्य मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं।
उन्होंने धर्मपुर में कथित अवैध कटान, बघाट बैंक प्रकरण, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के कार्यों, केसीसी बैंक से जुड़े मामलों सहित अन्य विवादित मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शीघ्र ही एक विस्तृत आरोप-पत्र जनता के समक्ष प्रस्तुत करेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →