Himachal Vidhansabha Monsoon Session: हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से, 3 सितंबर तक तपेगा सदन
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 01 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होकर 3 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे आरंभ होगा। सत्र के दौरान सदन की कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल की संस्तुति के उपरांत विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र के दौरान 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक होगी। वहीं, 28, 29 और 30 अगस्त को बैठकें नहीं होंगी। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण सदन की कार्यवाही नहीं होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (प्राइवेट मेंबर्स डे) के रूप में निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्र की अधिसूचना जारी होने के बाद सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित प्रश्न, सूचनाएं तथा अन्य कार्यों से जुड़े प्रस्ताव ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →