Himachal Crime News: नालागढ़ में कबाड़ कारोबारी पर फायरिंग की कोशिश, आधे घंटे में दबोचे दो आरोपी
दो पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद; पंजाब भागने की फिराक में थे आरोपी
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन : 10 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में कबाड़ कारोबारी पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह एक स्थानीय कबाड़ कारोबारी अपनी दुकान के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने कारोबारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की नीयत से फायर करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के दिशा-निर्देशों पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को ढेरोवाल बैरियर के समीप घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह (31) पुत्र स्वतंत्र सिंह निवासी कैथल, हरियाणा और मनप्रीत सिंह (20) पुत्र गुरचरण सिंह निवासी संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पंजाब की ओर फरार होने की फिराक में थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई दो पिस्टल, 15 जिंदा राउंड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
बद्दी पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे व्यक्तिगत रंजिश थी या किसी आपराधिक गिरोह की संलिप्तता। इसके अलावा हमले की वजह और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मामले में आगामी जांच जारी है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →