Himachal: जाहलमा के गृह रक्षक किशन चंद को मिला ‘द रियल हीरो ऑफ द ईयर’ सम्मान
बाढ़ के दौरान सूझबूझ और तत्परता से कई वाहनों को बचाने में निभाई अहम भूमिका
Babushahi Bureau
जाहलमा (लाहौल-स्पीति)। पुलिस चौकी जाहलमा में तैनात गृह रक्षक किशन चंद को ड्यूटी के प्रति समर्पण, तत्परता और मानवता के लिए हिमालयन पर्यावरण एवं वन्य प्राणी सुरक्षा समिति की ओर से ‘द रियल हीरो ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
समिति के अध्यक्ष किशन लाल ने बताया कि भले ही किशन चंद का पद बड़ा नहीं है, लेकिन वह अपनी ड्यूटी के प्रति बेहद ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और सजग रहते हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर समिति ने पाया कि किशन चंद ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहते हैं। वह कई बार लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में भी मदद करते हैं।
बाढ़ के दौरान दिखाई अदम्य तत्परता
समिति के अध्यक्ष किशन लाल के अनुसार, 26 जून को जाहलमा नाले में आई भीषण बाढ़ के दौरान किशन चंद ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। जाहलमा नाले की वैकल्पिक सड़क पर तैनाती के दौरान उन्होंने समय रहते स्थिति को भांप लिया और वहां से गुजर रहे वाहनों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी समय रहते दिखाई गई सतर्कता के कारण कई वाहन संभावित रूप से बाढ़ की चपेट में आने से बच गए। इस दौरान किशन चंद ने न केवल अपनी ड्यूटी निभाई, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया।
किशन चंद की इसी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना को देखते हुए हिमालयन पर्यावरण एवं वन्य प्राणी सुरक्षा समिति ने उन्हें ‘द रियल हीरो ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया। समिति ने कहा कि इस तरह के सम्मान से ईमानदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने वाले कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है।
वहीं, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने भी किशन चंद को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके कार्य की सराहना की। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →