चिट्टा कारोबारियों को सीएम सुक्खू की दोटूक: ‘हिमाचल में कोई जगह नहीं’, युवाओं से बोले- बनो नशे के खिलाफ अभियान के सिपाही
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना: 16 सितंबर 2026 : चिट्टे के खिलाफ हिमाचल में चल रहे अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए बुधवार को ऊना में हजारों कदम एक साथ उठे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एंटी-चिट्टा जन-जागरूकता वॉकथॉन की अगुवाई करते हुए नशे के कारोबारियों को दोटूक संदेश दिया कि हिमाचल में चिट्टा बेचने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। इंदिरा गांधी स्टेडियम से शुरू हुई वॉकथॉन न्यू बस अड्डे तक गई और वापस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में जिलेभर से विद्यार्थी और आम लोग शामिल हुए। वॉकथॉन से पहले मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी-चिट्टा शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चिट्टे के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है, लेकिन केवल पुलिस और सरकार के भरोसे इस लड़ाई को नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस तस्कर को पकड़ सकती है और सरकार कानून बना सकती है, लेकिन किसी बच्चे को पहली बार नशे की तरफ बढ़ने से परिवार, दोस्त, शिक्षक और समाज ही रोक सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने साथियों में व्यवहार में आने वाले बदलाव पर नजर रखने और किसी साथी को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने का आह्वान किया।
सुक्खू ने कहा कि नशा बेचने वाला और नशे की गिरफ्त में आया युवा एक जैसे नहीं हैं। सरकार तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी, जबकि नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को संवेदनशीलता के साथ इससे बाहर निकालने के लिए मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक दोस्त की छोटी-सी सतर्कता किसी परिवार को टूटने से बचा सकती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि जहां कहीं चिट्टा बिकता दिखाई दे, वहां चुप न रहें और विश्वसनीय जानकारी पुलिस को 112 पर दें। उन्होंने कहा कि सरकार ने विश्वसनीय सूचना देने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की व्यवस्था भी की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ महीने पहले शुरू किए गए एंटी-चिट्टा अभियान के तहत शिमला, धर्मशाला, हमीरपुर और बिलासपुर में भी बड़े जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब ऊना में लोगों की भागीदारी यह संदेश दे रही है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी का विषय है।
उन्होंने कहा कि आज ऊना में लोग केवल वॉकथॉन में हिस्सा लेने के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों, परिवारों और हिमाचल के भविष्य के लिए कदम बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 35 से 40 डिग्री तापमान के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना की। इससे पहले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने की जानकारी भी सामने आई थी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को ऊना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की। उन्होंने 3.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला खंड विकास कार्यालय भवन ऊना का लोकार्पण किया तथा संतोषगढ़ सड़क पर 9.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रामपुर पुल का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुदर्शन बबलू, राकेश कालिया, विवेक शर्मा, कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन कुलदीप कुमार, एंटी चिट्टा बोर्ड के समन्वयक नरेश ठाकुर, एडवोकेट जनरल अनूप रतन, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।(SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →