Himachal: एचआरटीसी बसों में ग्रीन स्मार्ट और सम्मान कार्ड बंद, हिम बस प्लस कार्ड में मर्ज होंगे सभी कार्ड
जब तक रहेगी वैलेडिटी तब तक मिलेगी किराए में छूट
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 16 सितंबर 2026 : एचआरटीसी बसों में वर्षों से ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड पर रियायती सफर कर रहे यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव हुआ है। निगम ने ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड बनाना बंद कर दिया है। अब रियायती सफर के लिए यात्रियों को हिम बस प्लस कार्ड बनवाना होगा। प्रदेश के बस अड्डों पर पुराने
कार्ड बनाने की सुविधा बंद कर दी गई है।
हिम बस प्लस कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यात्रियों को एचआरटीसी की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन के दौरान मांगी गई जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद कार्ड की 365 रुपये फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के कुछ दिन बाद कार्ड संबंधित बस अड्डे के काउंटर से प्राप्त किया जा सकेगा।
नए कार्ड की वैधता एक वर्ष होगी। हिम बस प्लस कार्ड बनने के बाद यात्रियों को एचआरटीसी की बसों में 5 प्रतिशत किराए में छूट मिलेगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को 15 प्रतिशत छूट दी जाएगी। निगम के अनुसार पुराने ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड की जगह अब इन्हीं सुविधाओं को हिम बस प्लस कार्ड में शामिल किया गया है।
पहले 25 से 30 फीसदी तक मिलती थी छूट
ग्रीन कार्ड पर 50 किलोमीटर तक 25 प्रतिशत, सम्मान कार्ड पर 30 प्रतिशत और स्मार्ट कार्ड पर पूरे सफर में 10 प्रतिशत की छूट मिलती थी। ये रियायतें अब खत्म हो गई हैं। पुराने कार्ड 100 रुपये में एक साल के लिए बनते थे, जबकि नए हिम बस प्लस कार्ड के लिए 365 रुपये देने होंगे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →