हिमाचल में निर्माणाधीन फोरलेन पुल भरभराकर गिरा, मचा हड़कंप; कई मजदूर फंसे
बाबूशाही ब्यूरो
हमीरपुर : 02 सितंबर 2026 : मटौर-शिमला फोरलेन निर्माण के दौरान शुक्रवार को हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। चीलबहाल से मसीयाना के बीच निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। पुल का निर्माण सामग्री समेत बड़ा हिस्सा करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के दौरान निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों के नीचे गिरकर घायल होने की सूचना है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया।
पुल के दूसरे हिस्से में कई मजदूर फंसे
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुल के दूसरे हिस्से में करीब छह लोगों के फंसे होने की सूचना है। उनके रेस्क्यू के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल मलबे और पुल के ढांचे के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
100 फीट नीचे गिरा पुल का हिस्सा
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक टूट गया और निर्माण सामग्री के साथ नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की वजह से मौके पर मौजूद मजदूरों में हड़कंप मच गया।
फिलहाल हादसा किस तकनीकी या निर्माण संबंधी कारण से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
राहत-बचाव पर फोकस
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को उपचार उपलब्ध करवाना है। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। स्थिति पर प्रशासन और संबंधित विभाग नजर बनाए हुए हैं।
(SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →