Himachal Snowfall: रोहतांग मार्ग पर भारी बर्फबारी; साउथ पोर्टल के पास 1000 से अधिक वाहन फंसे, पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/मनाली, 15 मार्च 2026 :
अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल के साउथ पोर्टल के पास लगभग एक हजार से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की पूरी टीम पिछले तीन घंटों से मौके पर तैनात है और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि वे स्वयं भी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि बर्फ में फंसे सभी लोगों और वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाला जा सके।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीमा सड़क संगठन (BRO) और अन्य संबंधित एजेंसियों से भी तुरंत टीम भेजने का अनुरोध किया है। एजेंसियों द्वारा मशीनों की सहायता से सड़क पर जमी बर्फ को हटाने का काम किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सड़क पर मिट्टी और यूरिया खाद का इस्तेमाल कर बर्फ को पिघलाने की भी व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और रेस्क्यू कार्य में सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि सभी सैलानियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकालना उनकी प्राथमिकता है।
डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि पुलिस हमेशा लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →