Himachal Accident: खाई में समाई कार; पिता-बेटी की मौत, नेरवा के बावी में पेश आया हादसा, मौके पर तोड़ा दम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 01 जुलाई 2026 :
नेरवा तहसील की ग्राम पंचायत रुसलाह के बावी गांव के समीप मंगलवार सुबह हुए एक भीषण कार हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में पिता और उनकी 11 वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बावी निवासी लोकेंद्र धनाइक (43) अपनी बेटी टिया को कार (एचआर 26 बीबी 7294) में लेकर नेरवा की ओर आ रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। लोकेंद्र की पत्नी और बेटा कुछ ही दूरी पर, नीचे मोड़ पर खड़े होकर इसी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। उनकी आंखों के ठीक सामने पल भर में वह कार खाई में समा गई, जिसमें बैठकर वे सब नेरवा आने वाले थे।
चीख-पुकार के बीच लहूलुहान पिता-पुत्री को तुरंत नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खौफनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे रुसलाह (शाक) और नेरवा क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया है।
लोकेंद्र नेरवा बाजार में व्यवसायी थे और बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में पूरा परिवार सुबह ही घर से निकला था, लेकिन हादसा कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया। प्रशासन की ओर से एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि सौंप दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा, पूर्व विधायक डा. सुभाष चंद मंगलेट, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रजनीश किमटा, कांग्रेस नेता सुरेंद्र शर्मा, व्यापार मंडल नेरवा के अध्यक्ष राजीव भिख्टा ईवा नगर पंचायत नेरवा की पूर्व अध्यक्ष बबिता तंगड़ाईक ने गहरे दुख का इजहार करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →