Himachal Breaking : कसौली की हेरिटेज मार्केट में भीषण आग; कई दुकानें राख अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर
बाबूशाही ब्यूरो
कसौली, 13 अप्रैल 2026 :
पर्यटन नगरी कसौली की हेरिटेज मार्केट में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय बाजार खुलने की तैयारी चल रही थी, तभी एक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। संकरी गलियों और बाजार की घनी संरचना के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। मौके पर एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और धर्मपुर के एसएचओ पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आंकलन करने की बात कही है।
स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी चिंता और आक्रोश है, क्योंकि हेरिटेज मार्केट कसौली का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है और यहां आग लगने से कई लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →