Himachal Breaking: नालागढ़ के सैनी माजरा स्थित फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की तत्परता से बड़ा नुकसान टला
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन, 14 मार्च 2026 :
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के सैनी माजरा में शनिवार को स्थित सिनर्जी फाइबर पैनल फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री परिसर से उठते घने काले धुएं ने कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में कार्य चल रहा था, तभी पीछे रखे फाइबर स्क्रैप (वेस्ट मटेरियल) में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया और काला धुआं चारों ओर फैल गया। धुआं इतना अधिक था कि आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तथा आंखों में जलन की शिकायत भी हुई। स्थिति को देखते हुए कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से फैक्ट्री को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
दमकल विभाग के अनुसार सीमित नुकसान
कमांडेंट होम गार्ड सोलन संतोष शर्मा ने बताया कि 14 मार्च को इंडस्ट्रियल एरिया नालागढ़ के मंझोली क्षेत्र में स्क्रैप वेस्ट मटेरियल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जो फायर स्टेशन से लगभग 9 किलोमीटर दूर थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि आग से लगभग 10 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ, जबकि करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आग बुझाने के लिए सात दमकल कर्मियों की टीम और दो फायर वाहनों को लगाया गया था।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराज़गी
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी पहले भी खुले गोदाम में वेस्ट मटेरियल जलाती रही है, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें, आंखों में जलन तथा बच्चों में खांसी जैसी समस्याएं हो रही हैं।
प्रभावित लोगों का कहना है कि यह घटना लगातार हो रही लापरवाही का परिणाम है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन वेस्ट मटेरियल का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे जलाकर खत्म करने का प्रयास करता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन, पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा राज्य सरकार से मांग की है कि मामले की जांच कर कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और वेस्ट मटेरियल के खुले में जलाने पर रोक लगाई जाए। साथ ही इसे ठोस कचरा प्रबंधन के तहत निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारित किया जाए। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →