Himachal: Indian Army: हिमाचल प्रदेश के नौ बेटे और एक बेटी बने सेना-वायुसेना में अफसर, लिया देशसेवा का संकल्प
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 14 जून 2026 :
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून से प्रशिक्षण पूरा कर हिमाचल प्रदेश के आठ युवाओं ने सेना में अधिकारी बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। पासिंग आउट परेड में सितारों से सजे इन जांबाजों ने देश सेवा की शपथ ली। उनकी इस उपलब्धि से परिवारों के साथ पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है।
बैजनाथ उपमंडल की बंडीयां खोपा पंचायत के नितिन ठाकुर और हमीरपुर के नादौन क्षेत्र निवासी देवांशी शर्मा वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनी हैं। उपमंडल नादौन के समहूं गांव की देवांशी शर्मा को रक्षा क्षेत्र में शामिल होने की प्रेरणा उनके नाना कर्नल रोशन लाल शर्मा से मिली। देवांशी के पिता इंजीनियर राजेश शर्मा, मां नीना शर्मा ने बताया कि बेटी बचपन से ही देश सेवा करने का सपना देखती रही है।
बैजनाथ के अनिमेष, नितिन बने सैन्य अफसर
नगर परिषद के गणेश बाजार के अनिमेष कुमार ने सेना में कमीशन प्राप्त की है। अमिता और बलदेव के बेटे अनिमेश की प्रारंभिक शिक्षा माउंट कार्मल स्कूल बैजनाथ में हुई है।
अनिमेश के दादा यूआर चीमा भी सेना और प्रदेश प्रशासनिक सेवा में एसडीएम के पद से सेवानिवृत हैं और चाचा डॉ. राज कुमार बैजनाथ अस्पताल में चिकित्सक के रूप में सेवारत हैं।
उपमंडल की बंडीयां खोपा पंचायत के नितिन ठाकुर ने वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर (फाइटर पायलट) के तौर पर कमीशन प्राप्त किया है। नितिन की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। सुनील ठाकुर (टीनू) और माता अनामिका के छोटे बेटे नितिन की प्रारंभिक शिक्षा बैजनाथ के निजी स्कूल से हुई। नितिन के दादा चैन सिंह सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके नाना कृष्ण चंद राणा ने भी सेना में कैप्टन के रूप में सेवाएं दी हैं।
सिरमौर के विवेक, तेजेंद्र ने लिया देशसेवा का संकल्प
गिरिपार क्षेत्र के विवेक चौहान और लेफ्टिनेंट तेजेंद्र ठाकुर सेना में अफसर बन गए हैं। उन्होंने आईएमए देहरादून में आयोजित पीओपी में देश सेवा की शपथ ली। लेफ्टिनेंट विवेक चौहान पुत्र कर्नल जेएस चौहान और मोनिका चौहान, निवासी ग्राम कुजनाल की सफलता बेहद खास रही है। वर्ष 2002 में उनके पिता कर्नल जेएस चौहान स्वयं आईएमए के ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर से भारतीय सेना में अधिकारी बने थे। ग्राम भेड़ीवाली सालवाला के लेफ्टिनेंट तेजेंद्र ठाकुर पुत्र अतर ठुंडू का उपलब्धि हासिल करने पर जोरदार स्वागत किया गया।
इस मौके पर लेफ्टिनेंट तेजेंद्र ठाकुर के अलावा उनके चाचा सतपाल ठुंडू और भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र से अध्यक्ष करनैल सिंह भी मौजूद रहे।
ऊना के अर्पित जसवाल ने पूरा किया सपना
क्षेत्र के नकड़ोह गांव के अर्पित जसवाल भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपना सपना पूरा किया। अर्पित के पिता आबकारी विभाग में हैं, माता सुषमा देवी गृहिणी हैं। अर्पित की नियुक्ति बॉम्बे इंजीनियर्स में हुई है। अर्पित ने इसका श्रेय माता-पिता, दादा, दादी, नाना-नानी समेत अन्य परिजनों को दिया।
धर्मशाला के गौरव ठाकुर सेना में लेफ्टिनेंट बने
धर्मशाला के श्यामनगर निवासी गौरव ठाकुर सेना में अधिकारी बने हैं। गौरव सैन्य परंपरा वाले परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनके दादा भी सेना में हवलदार रह चुके हैं। उनकी माता गृहिणी हैं और बड़ी बहन सीएमओ कार्यालय धर्मशाला में कार्यरत हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →